
खलारी : भाजपा के झारखंड बंद का खलारी कोयलांचल में मिला-जुला असर दिख रहा है। बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने खलारी में विभिन्न स्थानों पर घूम-घूम कर दुकानों को बंद कराया। इस दौरान केडी आंबेडकर चौक के पास कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा और कुछ समय के लिए सड़क जाम की स्थिति बनी रही। कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
बंदी के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल गंझू ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से किए जा रहे आंदोलन पर पुलिस बल का प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की। बंद का नेतृत्व भाजपा खलारी मंडल अध्यक्ष अनिल गंझू ने किया। मौके पर श्याम सुंदर सिंह, राम सुरत यादव, राजू गुप्ता, दिलीप पासवान, प्रताप यादव, चतुर्गुण भुइयां, प्रदीप प्रमाणिक, कामेश्वर निषाद, सिन्नी समाड, सरोजनी देवी, रविंद्र मुंडा, मनीष भगत, अनिल तुरी, अजीत पांडे, दीप शिखा,ममता देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

