
भुवनेश्वर: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कई राज्यों में 2,000 करोड़ रुपये के चिट फंड घोटाले के सिलसिले में छापेमारी के दौरान 182 बैंक खातों को ‘फ्रीज’ कर दिया है और एक करोड़ रुपये से अधिक नकद और छह महंगी कारें जब्त की हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
ईडी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उसके भुवनेश्वर क्षेत्रीय कार्यालय ने चिट फंड घोटाले की जांच के सिलसिले में पांच अगस्त को विशाखापत्तनम और हैदराबाद में ‘वेलफेयर बिल्डिंग्स एंड एस्टेट्स प्राइवेट लिमिटेड’ (डब्ल्यूबीईपीएल) और उसके निदेशकों से जुड़ी पांच जगहों पर धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत छापेमारी की कार्रवाई की।

