खूंटी के सायको में मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चोरी की 19 मोटरसाइकिल, बोलेरो पिकअप वैन, मोबाइल और मास्टर चाबी बरामद

खूंटी : पुलिस अधीक्षक, खूंटी को 18 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली कि सायको थाना क्षेत्र के अंतरजिला मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह के कुछ सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर खरीद-बिक्री करने के लिए जमा हुए हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूंटी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई।

छापामारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सायको थाना एवं अड़की थाना क्षेत्र में छापेमारी कर मोटरसाइकिल चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह के कुल आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 19 मोटरसाइकिल, एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वैन, आठ मोबाइल फोन तथा दो मास्टर चाबी बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार मामले में सायको थाना कांड संख्या 15/26, दिनांक 18.09.2026 के तहत BNS-2023 की विभिन्न धाराओं तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में गुरुदयाल मुंडा उर्फ पनसर मुंडा (26), ग्राम बदानी, थाना अड़की; इसरायल पूर्ति (24), ग्राम चिरूकेड़ा, थाना कुई (दलभंगा ओपी), जिला सरायकेला-खरसावां; मनमरसीह पूर्ति उर्फ डेरो (19), ग्राम चिरूकेड़ा; मसीह मुंडा (19), ग्राम रेंगडा, थाना अड़की; मोहन लोहार (32), ग्राम तारसवा; एतवा मुंडा (19), ग्राम जोड़ेरदा; समराय होरो (26), ग्राम जोड़ेरदा तथा जयराम मुंडा उर्फ जावरा (18), ग्राम बदानी, थाना अड़की शामिल हैं।

ये सामान हुए बरामद

चोरी की मोटरसाइकिल – 19
चोरी की महिंद्रा बोलेरो पिकअप वैन – 01
मोबाइल फोन – 08
मास्टर-की (चाबी) – 02

छापामारी अभियान में खूंटी पुलिस के विभिन्न थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों सहित जवानों की टीम शामिल रही। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।