


रांची: कोल्हान विश्वविद्यालय ने अकादमिक परिषद का पुनर्गठन करते हुए व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि के तौर पर फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष कुणाल आजमानी को सदस्य मनोनीत किया है। उनके मनोनयन को उच्च शिक्षा और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विश्वविद्यालय में संचालित पाठ्यक्रमों को उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करने और विद्यार्थियों को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने में उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है।





कुणाल आजमानी झारखंड चैंबर के अध्यक्ष रहते हुए व्यापार एवं उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। इसके अलावा वह डायरेक्ट टैक्सेस में स्टेट एडवाइजरी बोर्ड, गवर्नमेंट ऑफ इंडिया के सदस्य के रूप में दो वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। एयरपोर्ट एडवाइजरी बोर्ड में भी वह दो कार्यकाल तक सदस्य रहे हैं। वर्तमान में वह पंजाबी हिंदू बिरादरी के अध्यक्ष हैं।
अकादमिक परिषद में उनकी भागीदारी से शिक्षा, उद्योग और रोजगार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होने की उम्मीद है। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं से जोड़ने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। कुणाल आजमानी के मनोनयन पर झारखंड चैंबर के सदस्यों के साथ-साथ पंजाबी हिंदू बिरादरी तथा विभिन्न व्यावसायिक, धार्मिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी है।
