
लातेहार : महुआडांड़ प्रखंड के चुटिया से बेलवार गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनी हुई है। इस 8 किमी की दूरी तय करने के लिए ग्रामीणों को रास्ते में पड़ने वाली तीन नदियों को पैदल ही पार करना पड़ता है।बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। नदियों में पानी बढ़ जाने से गांव का संपर्क पूरी तरह से कट जाता है। बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 5 वर्षों से वे तीनों नदियों पर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। ग्रामीणों ने उपायुक्त लातेहार और स्थानीय विधायक से मांग की है कि चुटिया-बेलवार मार्ग पर तीनों नदियों में अविलंब पुल का निर्माण कराया जाए।

