
Latehar News : ग्रामीणों को परिवहन विभाग की सेवाएं उनके गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड स्थित केड पंचायत सचिवालय में एक दिवसीय लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत 254 लोगों का लर्निंग लाइसेंस बनाया गया, जिससे ग्रामीणों को जिला मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ी।
यह शिविर झारखंड परिवहन विभाग के निर्देश पर आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को लर्निंग लाइसेंस और ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
शिविर के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। मुखियाओं ने ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए प्रेरित किया। उनकी पहल से बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे और विभाग की इस सुविधा का लाभ उठाया।
जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में हिट एंड रन कानून, गुड सेमेरिटन (नेक मददगार) योजना और सुरक्षित वाहन संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी लोगों को दी गईं।
शिविर के सफल संचालन में जिला परिवहन कार्यालय के कर्मियों पंकज कुमार सिन्हा, दिनेश लोहरा और अभिषेक कुमार ने तकनीकी एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाई। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए मांग की कि ऐसे कैंप भविष्य में भी नियमित रूप से गांवों में लगाए जाएं, ताकि लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

