
Bhargav Singh Murder Case : राजधानी के चर्चित भार्गव सिंह हत्याकांड में मुख्य आरोपी विजय टेटे को अदालत से राहत नहीं मिली है। अपर न्यायायुक्त पवन कुमार की अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा है, जिसमें रियल एस्टेट कंपनी सिंह इंफ्राकॉम प्राइवेट लिमिटेड (गोल्डन सिटी) के सीईओ भार्गव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
अभियोजन के अनुसार, यह घटना 21 अप्रैल 2026 को सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित मनोकामना मंदिर के पास हुई थी। बताया जाता है कि भार्गव सिंह पूजा करने मंदिर पहुंचे थे, तभी उन पर गोलीबारी की गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें पहले पिस्का मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पारस अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
जांच में सामने आया कि कांके के गांधी नगर निवासी विजय टेटे पर जमीन के नाम पर भार्गव सिंह और उनके जीजा से करीब 70 लाख रुपये लेने का आरोप है। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद जमीन नहीं दी गई, जिससे दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी खुद पर शक से बचने के लिए अपने घर गया और पत्नी के साथ बाहर निकल गया। हालांकि, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे बूटी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया था।
जांच एजेंसियों का यह भी कहना है कि घटना से पहले आरोपी और मृतक के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर कई बार फोन पर तीखी बातचीत हुई थी। फिलहाल मामले की सुनवाई जारी है और मुख्य आरोपी विजय टेटे न्यायिक हिरासत में है।

