रांची: झारखंड में स्पेशल समरी रिवीजन (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए दावा-आपत्ति दर्ज कराने की समय-सीमा को बढ़ाकर अब 30 सितंबर कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग ने विभिन्न हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) से मिले सुझावों और लगातार आ रहे फॉर्म-6, 7 और 8 के आवेदनों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रविकुमार ने जानकारी दी कि दावा-आपत्ति की इस अवधि का यह दूसरा और अंतिम विस्तार है। इससे पहले इसके लिए अंतिम तिथि 4 सितंबर निर्धारित की गई थी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें। उन्होंने कहा कि जो भारतीय नागरिक 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और जिनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे ईसीआईनेट (ECINET) के माध्यम से या अपने संबंधित बीएलओ (BLO) से संपर्क कर फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र जमा करके तुरंत मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा लें।

