
लातेहार : महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत दुरुप पंचायत के पुरानडीह गांव की आदिम जनजाति की विधवा संचारिया देवी को अब सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। लंबे समय से राशन और पेंशन से वंचित संचारिया देवी के मामले में लातेहार के उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद ने संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
संचारिया देवी स्वर्गीय मार्शल बिरजिया की पत्नी हैं। आदिम जनजाति समुदाय से आने वाली संचारिया देवी आर्थिक तंगी में जीवनयापन कर रही हैं। राशन कार्ड और विधवा पेंशन न मिलने के कारण इन्हें रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भारी दिक्कत हो रही थी।
डीडीसी सैयद रियाज अहमद ने दिया भरोसा, मामले की जांच शुरू
मामला सामने आने के बाद रविवार दोपहर करीब 12 बजे उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद ने कहा, महिला से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां जुटाई जा रही हैं। प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है। यदि महिला पात्र पाई जाती हैं तो उन्हें सरकार की सभी संबंधित योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत जानकारी एकत्र कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। डीडीसी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि संचारिया देवी को जल्द ही राशन, विधवा पेंशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।

