करीब 40 फीट की दूरी से चलाई गोली
पेट्रोल पंप कर्मी अभय यादव के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब 7:10 बजे की है। बाइक सवार दो अपराधी पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचे और करीब 40 फीट की दूरी से कार्यालय की ओर गोली चला दी। गोली लगते ही कार्यालय का शीशा टूट गया और गोली दराज में जा घुसी। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस निरीक्षक मनोरंजन प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ पेट्रोल पंप पहुंचे। उन्होंने कर्मियों से पूछताछ की और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पेट्रोल पंप संचालक ने की कार्रवाई की मांग
पेट्रोल पंप संचालक लाल रंजन नाथ शाहदेव घटना के समय अपने आवास पर थे। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की।
गोलीबारी के बाद पेट्रोल पंप कर्मियों में भय का माहौल है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल गोलीबारी के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।


