रामलला के दर्शन से जीवन धन्य हुआ: वेंकैया नायडू

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

अयोध्या: उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को अपने परिवार के साथ रामलला का दर्शन-पूजन किया। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण की प्रगति की जानकारी ली।

इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। हनुमानगढ़ी दर्शन के बाद उप राष्ट्रपति का काफिला सीधे सरयू तट पहुंचा, जहां उन्होंने मां सरयू की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी।

उप राष्ट्रपति नायडू के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री और अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।

उप राष्ट्रपति नायडू ने रामलला के दर्शन के बाद विजिटर बुक में लिखा, रामलला के दर्शन से मेरा जीवन धन्य हो गया।

प्रभु राम हमारी संस्कृति, हमारे मूल्यों और हमारे गौरवशाली इतिहास के प्रतीक हैं। भगवान राम का जीवन सदा से भारतीयों को प्रेरणा देता है, उन्हें सन्मार्ग दिखाता रहा है।

भगवान राम के भव्य मंदिर का पुनर्निर्माण भारत की आध्यात्मिक चेतना का पुनर्जागरण है। मुझे विश्वास है कि यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों को हमारी महान सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराता रहेगा।

उप राष्ट्रपति काशी के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हुए

उप राष्ट्रपति ने रामलला मंदिर परिसर में चल रहे भव्य निर्माण कार्य और मंदिर स्थल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्ट के प्रमुख न्यासी डॉ. विमलेन्द्र मोहन प्रताप मिश्र, महंत दिनेन्द्र दास, डॉ अनिल मिश्र समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

उप राष्ट्रपति ने मंदिर निर्माण से जुड़े अभियंताओं, कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ फोटो भी खिंचवाया।

इसके पहले, प्रेसिडेंशियल ट्रेन से अयोध्या रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर उप राष्ट्रपति नायडू का राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता समेत कई प्रमुख लोगों ने स्वागत किया।

उप राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी ऊषा नायडू एवं परिवार के अन्य सदस्य भी रहे। अयोध्या के करीब पांच घंटे के प्रवास के बाद उप राष्ट्रपति काशी के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हुए।

Share This Article