Jamshedpur News: जमशेदपुर स्थित दलमा वन्यजीव अभयारण्य में अब पर्यटकों को हथिनी रजनी और बादल हाथी के बाद एक नए मेहमान शेखर को देखने का मौका मिलेगा सोमवार को गुमला वन प्रमंडल से सात माह का नन्हा हाथी शेखर दलमा लाया गया। यहां वह हथिनी रजनी और बादल हाथी के साथ अपनी नई जीवन की शुरूआत करेगा। वन विभाग को आशा है कि दलमा का प्राकृतिक वातावरण और देखभाल उसे सुरक्षित रखेगा।

अपने झुंड से बिछड़ गया था नन्हा हाथी शेखर
इसको लेकर दलमा DFO सबा अंसारी ने जानकारी देते हुए बता कि, यह नन्हा हाथी शेखर अपने झुंड से बिछड़ गया था। वन विभाग ने उसे फिर से अपने साथियों से मिलवाने का प्रयास किया लेकिन वह असफल रहें। जिसके बाद गुमला वन प्रमंडल ने दलमा डीएफओ से संपर्क किया। और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे दलमा लाने का फैसला लिया गया।

शेखर ने वनकर्मियों को खूब छकाया
सोमवार को शेखर दलमा पहुंचा, जहां उसने वनकर्मियों को खूब छकाया। नई जगह, और नए माहौल में वह काफी चंचल देखने को मिला। उसे काबू में करने के लिए वनकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिर में उसे नियंत्रण में लाने के लिए उसके दोनों पैरों में रस्सी बांध दी गई। इसके बाद हथिनी रजनी के महावत ने अपने हाथों से शेखर को खाना खिलाया।
रजनी और बादल हाथी का बढ़ा परिवार
दलमा में पहले से मौजूद हथिनी रजनी और बादल हाथी पर्यटकों के बीच हमेशा से आकर्षण का केंद्र रहा है। अब शेखर के आने से दलमा में हाथियों की संख्या और बढ़ गई है। वन विभाग के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वें नन्हे शेखर को उचित देखभाल, भोजन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराए।


