
Lohardaga Janata Darbar : लोहरदगा उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को जनता मिलन कार्यक्रम के तहत समाहरणालय स्थित अपने कक्ष में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन और समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उपायुक्त के समक्ष विभिन्न समस्याएं रखीं। इनमें उत्तराधिकार दाखिल-खारिज, राशन कार्ड में सुधार, स्कूल में नामांकन, लोहरदगा बाईपास सड़क निर्माण से प्रभावित रैयतों को अवार्ड राशि भुगतान, म्युटेशन और अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं।
उपायुक्त ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि हर मंगलवार और शुक्रवार दोपहर 1 बजे जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें कोई भी नागरिक अपनी समस्या सीधे उपायुक्त के समक्ष रख सकता है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त के प्रभार में सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा समेत अन्य अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

