झारखंड में यहां घर बनाने के लिए नींव की खुदाई में मिले प्राचीन हथियार और औजार, पुरातात्विक सर्वेक्षण के लिए भेजे गए सैंपल

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लोहरदगा: जिले में घर बनाने के लिए नींव खोदने पर तीर-धनुष, भाला, कुदाल, फरसा, कुल्हाड़ी और पीतल के समान के साथ प्राचीन हथियार और औजार मिले हैं।

जमीन मालिक सुमंत टाना भगत अपना घर बनाने के लिए जेसीबी से नींव की खुदाई करवा रहे थे। इस दौरान जमीन के अलग-अलग हिस्से से यह सामान मिले।

ये वस्तुएं लोहरदगा जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत बमनडीहा गांव में मिली हैं, जिसके बाद आसपास के इलाके में चर्चा शुरू हो गयी है।

लोग इन चीजों को प्राचीन काल में लड़ाई लड़ने वाले हथियार के रूप में देख रहे हैं। हालांकि जिला प्रशासन इसकी सूचना पाते ही पहुंची और जांच में जुट गयी है, जहां सारी वस्तुओं के सैंपल लिये गये और पुरातात्विक सर्वेक्षण के लिए भेज दिया गया है।

लोहरदगा एसडीएम अरविंद कुमार लाल ने बारीकी से निरीक्षण करते हुए बताया कि क्षेत्र में पहले असुर और लोहार जाति के लोग निवास करते थे।

हो सकता है कि उन्हीं के द्वारा यह बनाए गए हों। फिलहाल इस पर जांच के बाद ही पता चलेगा यह कितनी पुरानी वस्तुएं हैं।

जमीन मालिक सुमंत टाना भगत ने बताया कि पांच दिन पहले से निर्माण कार्य चल रहा था। इसमें जमीन के चार फीट नीचे से ये सारे औजार मिले, जिसमें तीर धनुष, भाला, फरसा, कुल्हाड़ी, कुदाल और कुछ पीतल के समान हैं। सबको सुरक्षित रखा हुआ है।

Share This Article