आगर मालवा (मप्र)/भुवनेश्वर: मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार तड़के एक कार के नाले में गिर जाने से ओडिशा के एक परिवार के सात सदस्यों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
आठवां व्यक्ति कार चालक था, जो मध्य प्रदेश का रहने वाला था।
नलखेड़ा थाना प्रभारी शशि उपाध्याय ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर नलखेड़ा कस्बे में बगलामुखी मंदिर के पास हुआ।
उन्होंने बताया कि ओडिशा से आए श्रद्धालुओं को ले जा रही कार बारिश के पानी से उफन रहे नाले में गिर गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में कार सवार व्यक्तियों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं शामिल हैं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मध्यप्रदेश में हुए हादसे में ओडिया पर्यटकों की दुखद मौत से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें।’’
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मध्यप्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय करके सभी प्रक्रियाओं में तेजी लाने तथा पार्थिव शरीरों को पूरे सम्मान के साथ ओडिशा वापस लाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
भुवनेश्वर में अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान शिवप्रसाद बेहरा (43), रोजालिन बेहरा (34), रीतारानी बेहरा (36), ज्ञानेंद्र बेहरा (40), साई स्वर्ण प्रभा बेहरा (6), कृष्णा राजबीर (13) और साई स्वस्तिक बेहरा (10) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
ओडिशा परिवार निदेशालय के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) प्रीतीश पांडा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार, राज्य सरकार मध्यप्रदेश सरकार के लगातार संपर्क में है।
ओडिशा परिवार राज्य के बाहर रहने वाले ओडिया लोगों से संपर्क के लिए बनाया गया राज्य सरकार का एक निकाय है।
पांडा ने कहा, ‘‘हमारे मुख्य सचिव (अनु गर्ग) ने पहले ही मध्यप्रदेश में अपने समकक्ष अधिकारी से बात की है और ओडिया पर्यटकों के पार्थिव शरीर वापस लाने के प्रयास जारी हैं।’’


