मुंबई : महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे ने अपने गृह जिले बीड के सूखा प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को भरोसा दिलाया कि देवेंद्र फडणवीस सरकार उनकी दिवाली खुशहाल बनाएगी। उन्होंने फसल के नुकसान के बीच किसानों को अधिक मदद के संकेत दिए। मुंडे, बीड के सूखा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर थीं। जिले की सभी 11 तहसीलों को राज्य सरकार ने सूखा प्रभावित घोषित किया है।

मुंडे ने रविवार को पत्रकारों से कहा, “राज्य सरकार पहले ही 32,000 करोड़ रुपये की फसल ऋण माफी की घोषणा कर चुकी है। पहली बार राज्य सरकार ने किसानों को मुआवजा देने के तय फॉर्मूले से अधिक मुआवजे की घोषणा की है। मुख्यमंत्री फडणवीस किसानों की दिवाली खुशहाल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” मानसून के दौरान कम बारिश होने से सोयाबीन जैसी फसलों की खेती प्रभावित हुई है। किसानों का कहना था कि फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है और पैदावार काफी कम रहेगी।
महाराष्ट्र सरकार ने सूखे की स्थिति से निपटने के लिए कई उपायों की घोषणा की है, जिनमें ज्यादातर तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित करना भी शामिल है।


