छुआछूत की घटना थी ‘शुद्धीकरण’, हम राज्यसभा के सभापति से भी संपर्क करेंगे: मल्लिकार्जुन खरगे

मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी की कथित शुद्धीकरण घटना को छुआछूत बताया। उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुए कथित शुद्धीकरण के मामले को ‘‘छुआछूत की घटना’’ करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी इस मामले में राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन से भी संपर्क करेगी। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस मामले पर चुप क्यों हैं? खरगे ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी इस विषय पर चुप हैं, क्यों चुप हैं? अगर वह दलित होते और उन पर यह सब गुजरता तो क्या वह चुप बैठते? अमित शाह भी चुप हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना सार्वजनिक रूप से हुई, लेकिन सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।

खरगे ने कहा कि उन्होंने इसे मामले पर केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा को पत्र लिखा है और उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना था कि आने वाले दिनों में इस विषय पर राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन से संपर्क किया जाएगा क्योंकि उन्होंने खुद सदन में इस मामले में कार्रवाई के लिए कहा था। खरगे ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों, महंगाई और अन्य मुद्दों के साथ दलितों का मुद्दा भी उठाया है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें हतोत्साहित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम डरने वाले नहीं हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सिर्फ मेरा सवाल नहीं है, यह दलित समुदाय का सवाल है।’’ खरगे ने राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने वालों और सरकार की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के लोग ‘‘बड़ी-बड़ी बातें’’ करते हैं, लेकिन जब कोई पीड़ित की आवाज उठाता है तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि ‘‘ये लोग समाज को तोड़ना चाहते हैं।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा की ओर से अपने पत्र के जवाब का इंतजार कर रहे हैं।

खरगे ने केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा में सदन के नेता नड्डा को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को निर्देश देकर ‘शुद्धीकरण’ की घटना में शामिल व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराना सुनिश्चित करें। खरगे ने नड्डा को पत्र में यह भी लिखा है कि 24 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई। बीते आठ अगस्त को उत्तराखंड के हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खरगे की सभा हुई थी और इसके बाद कुछ लोगों ने सभास्थल का कथित तौर पर शुद्धीकरण किया था। कांग्रेस का आरोप है कि ऐसा करने वाले भाजपा और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़े लोग हैं, हालांकि भाजपा ने आरोप से इनकार किया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।