पीवीयूएनएल की दूसरी यूनिट से जल्द शुरू होगा 800 मेगावाट बिजली का उत्पादन

पतरातु PVUNL दौरे में सांसद मनीष जायसवाल ने 800 मेगावाट बिजली उत्पादन, स्ट्रीट लाइट, रोजगार और विकास योजनाओं की समीक्षा कर झारखंड के ऊर्जा भविष्य को मजबूत बताया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सांसद मनीष जायसवाल ने किया पतरातु विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड का दौरा

रांची : सांसद मनीष जायसवाल ने मंगलवार को पतरातु स्थित पतरातु विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) का दौरा कर सीईओ, एचआर एवं उनकी टीम के साथ परियोजना की प्रगति, भविष्य की योजनाओं और स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में जानकारी दी गई कि पीवीयूएनएल की दूसरी यूनिट का कमिशनिंग कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इससे 800 मेगावाट विद्युत उत्पादन शुरू हो जाएगा। वहीं तीसरी यूनिट का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है, जिसके अगले वर्ष तक पूर्ण होने का लक्ष्य है। इससे अतिरिक्त 800 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उत्पादित बिजली का लगभग 85% हिस्सा झारखंड को प्राप्त होगा, जो राज्य को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

मनीष जायसवाल ने बताया कि बैठक के दौरान पर्यटन चौक से पतरातु बाजार होते हुए रेल फ्लाईओवर तक सड़क के चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण एवं स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी गई। साथ ही पतरातु परियोजना से एक किलोमीटर की परिधि में आने वाले सभी गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। प्रथम चरण में लगभग 1350 स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव है।

पतरातु प्रखंड की प्रत्येक पंचायत में एक सुव्यवस्थित सामुदायिक भवन के निर्माण पर भी चर्चा हुई। अब तक पांच सामुदायिक भवन बन चुके हैं, चार का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा शेष पंचायतों में भी ऐसे भवनों के निर्माण की योजना है, जिससे स्थानीय लोगों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
स्थानीय युवाओं को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने के विषय पर भी गंभीर चर्चा हुई। विशेष रूप से ट्रांसफॉर्मर प्रशिक्षण कार्यक्रम सहित विभिन्न कौशल विकास योजनाओं से युवाओं को जोड़ने तथा स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया। बाहरी लोगों की नियुक्ति संबंधी शिकायतों पर भी गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई। इसके अतिरिक्त पतरातु कॉलेज में निर्माणाधीन लाइब्रेरी की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।