
गोड्डा : गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड स्थित डुमरिया एसबीआई शाखा में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सीबीआई की टीम ने अचानक बैंक में छापेमारी की। धनबाद स्थित सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने शाखा प्रबंधक रोहित कुमार और एक कैशियर को कथित तौर पर 77 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम शाम करीब चार बजे बैंक पहुंची और रात आठ बजे तक शाखा में जांच करती रही। इस दौरान अधिकारियों ने मामले से जुड़े दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। साथ ही कई बैंक कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई।
बताया जा रहा है कि एक मृतक खाताधारक के खाते में जमा राशि के भुगतान के एवज में शाखा प्रबंधक ने कैशियर की मदद से रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित व्यक्ति रिश्वत देने के लिए तैयार नहीं था, इसलिए उसने मामले की शिकायत धनबाद स्थित सीबीआई कार्यालय में की।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने निगरानी में बैंककर्मियों को रिश्वत की रकम सौंपी। जैसे ही पैसों का लेन-देन हुआ, पहले से मौजूद सीबीआई टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। इस कार्रवाई के दौरान सीबीआई ने आरोपित बैंक अधिकारियों के आवासों पर भी तलाशी अभियान चलाया। बैंक में करीब चार घंटे तक चली जांच के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए धनबाद ले जाया गया।

