नयी दिल्ली : दो ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर 2026-2030 के लिये अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) एथलीट समिति का चुनाव लड़ेंगी जिन्हें पिस्टल वर्ग में नामित किया गया है। भाकर उन दस उम्मीदवारों में से हैं जो पिस्टल श्रेणी में दो पदों के लिये दौड़ में होंगे। पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा को बचाना और ओलंपिक कार्यक्रम में इसके दीर्घकालिक भविष्य को सुरक्षित करने के साथ आईएसएसफ विश्व कप में बेहतर इनामी राशि के लिए जोर देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

भाकर ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा कि शीर्ष स्तर पर खेलने के बाद मुझे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के सामने आने वाली चुनौतियों और मौकों दोनों का अनुभव है। मेरा मानना है कि खिलाड़ियों को खेलों में भागीदारी के अलावा भविष्य को गढने के लिये भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिये। चुनाव दोहा में आईएसएसएफ विश्व चैम्पियनशिप (राइफल – पिस्टल – शॉटगन) के दौरान होंगे जो तीन से 13 नवंबर तक होनी है ।



