सैतुअल: मिजोरम के सैतुअल जिले में मणिपुर के 24 वर्षीय एक व्यक्ति को 2.91 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5:40 बजे, केइफांग इलाके के कुअलमावी में एक जांच के दौरान सफेद रंग की एक कार को रोका गया। पुलिस ने बताया कि यह वाहन मणिपुर से आइजोल जा रहा था, तभी इसे रोका गया।

पुलिस के अनुसार, वाहन की तलाशी लेने पर साबुन के 100 डिब्बे मिले, जिनमें 1.45 किलोग्राम हेरोइन थी और इसकी कीमत लगभग 2.91 करोड़ रुपये है। पुलिस ने बताया कि वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसकी पहचान मणिपुर के कांगपोकपी जिले के थांगमिनलुन बैटे के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने और यह पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है कि ये मादक पदार्थ कहां ले जाया जा रहा था।


