मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (MPESB) ने ग्रुप-2, सब ग्रुप-4 संयुक्त भर्ती परीक्षा 2026 के तहत पटवारी सहित विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद 4 अगस्त 2026 से उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह एक शानदार अवसर है। आवेदन पत्र भरने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 18 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।

कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास MP CPCT परीक्षा उत्तीर्ण होने का प्रमाण भी होना चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी। वहीं, मध्य प्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अन्य आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने वाले सामान्य वर्ग और अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को 560 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं, मध्य प्रदेश के एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 310 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। आवेदन तभी मान्य होगा जब निर्धारित शुल्क सफलतापूर्वक जमा हो जाएगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद होमपेज पर दिखाई देने वाले “Online Form – Group-2 Sub Group-4 Combined Recruitment Test-2026” लिंक पर क्लिक करें। नए उम्मीदवार पहले अपना पंजीकरण (Registration) पूरा करें। इसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी व्यक्तिगत, शैक्षणिक और आवश्यक जानकारी सावधानीपूर्वक भरें। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें और अंत में फॉर्म सबमिट करके उसका प्रिंटआउट भविष्य के उपयोग के लिए सुरक्षित रख लें।
कब होगी परीक्षा?
एमपीईएसबी ग्रुप-2 सब ग्रुप-4 भर्ती परीक्षा का आयोजन 29 सितंबर 2026 से किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:50 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:50 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट के उम्मीदवारों को सुबह 8:00 से 9:00 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा, जबकि दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1:00 से 2:00 बजे के बीच केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें।


