रणबीर कपूर के ‘राम’ पर मुकेश खन्ना ने उठाए सवाल, बोले- ‘सलमान खान, अमिताभ और रजनीकांत बना दिया’

Manu Shrivastava
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर सामने आने के बाद भगवान राम के किरदार को लेकर चर्चा तेज है. अब दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना ने रणबीर कपूर के किरदार और फिल्म के एक्शन सीन्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

एक्शन वाले अंदाज पर जताई आपत्ति

मुकेश खन्ना ने कहा कि ट्रेलर में भगवान राम को एक्शन हीरो की तरह पेश किया गया है. उन्होंने खास तौर पर उन दृश्यों पर सवाल उठाया, जिनमें राम को पेड़ पर चढ़कर तीर चलाते हुए दिखाया गया है. उनके मुताबिक, यह प्रस्तुति उनके रामायण के अध्ययन और रामलीला की पारंपरिक छवि से अलग है.

‘सलमान खान, अमिताभ और रजनीकांत बना दिया’

मुकेश खन्ना ने अपनी बात रखते हुए कहा, “आपने उनको सलमान खान, अमिताभ बच्चन, रजनीकांत बना दिया.” उन्होंने जोर देकर कहा कि भगवान राम की पहचान ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ के रूप में है और उनके अनुसार फिल्म में इस पक्ष पर ज्यादा ध्यान दिया जाना चाहिए.

VFX को लेकर भी कही बात

अभिनेता ने फिल्म में इस्तेमाल किए गए स्पेशल इफेक्ट्स और VFX पर भी अपनी राय रखी. उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए फिल्म की भव्यता और स्पेशल इफेक्ट्स आकर्षण हो सकते हैं, लेकिन भारतीय दर्शक भगवान राम के किरदार को आस्था और पारंपरिक छवि के नजरिए से देखेंगे.

फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े सितारे

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म में साई पल्लवी सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. आधिकारिक ट्रेलर के मुताबिक फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होगा.

पहले भी रणबीर की कास्टिंग पर बोले थे खन्ना

यह पहली बार नहीं है जब मुकेश खन्ना ने रणबीर के राम बनने पर अपनी राय रखी है. इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि राम के ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ स्वरूप को पर्दे पर निभाना चुनौतीपूर्ण है. वहीं निर्देशक नितेश तिवारी ने रणबीर की कास्टिंग का बचाव करते हुए उनके व्यक्तित्व और भूमिका के प्रति समझ पर पर भरोसा जताया है.

Share This Article