अवैध वसूली मामला : परमबीर सिंह से मुंबई पुलिस ने शुरू की पूछताछ

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: महाराष्ट्र होमगार्ड विभाग के महानिदेशक एवं मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के गुरुवार को मुंबई पहुंचने के बाद मुंबई पुलिस उनसे अवैध वसूली मामले में पूछताछ कर रही है।

सिंह से इसके बाद अवैध वसूली मामले में ठाणे पुलिस पूछताछ करेगी। सिंह पर मुंबई और ठाणे जिले में अवैध वसूल के मामले दर्ज हैं।

परमबीर सिंह सुप्रीम कोर्ट की ओर से गिरफ्तारी से राहत मिलने पर 231 दिन बाद गुरुवार को मुंबई पहुंचे। एक दिन पहले उन्होंने चंडीगढ़ में अपनी मौजूदगी की बात कही थी।

मुंबई पहुंचने के बाद वह सीधे मुंबई पुलिस के कांदिवली स्थित क्राइम ब्रांच के कार्यालय में उपस्थित हुए। यहां पुलिस की क्राइम ब्रांच के उपायुक्त नीलोत्पल और एक अन्य अधिकारी पूर्वाह्न 11.30 बजे से उनसे पूछताछ कर रहे हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परमबीर सिंह से यह पूछताछ व्यवसायी विमल अग्रवाल की गोरेगांव पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के आधार पर की जा रही है।

इस मामले में परमबीर सिंह, विनय सिंह, सचिन वाझे, रियाज भाटी सहित अन्य को आरोपित किया गया है। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जो इस समय न्यायिक हिरासत में है।

व्यवसायी विमल अग्रवाल ने अपनी शिकायत में परमबीर सिंह सहित सभी आरोपितों पर झूठा मामला दर्ज न करने के नाम पर 25 करोड़ रुपये अवैध वसूलने का आरोप लगाया है।

उल्लेखनीय है कि अवैध वसूली का मामला दर्ज होने के बाद परमबीर सिंह मई महीने से ही लापता थे। इसी वजह से परमबीर सिंह को फरार घोषित किया गया था और उनकी संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।

फरार घोषित होने के बाद से राज्य के गृह विभाग ने होमगार्ड विभाग को परमबीर सिंह का वेतन रोकने का आदेश दिया था।

Share This Article