लता मंगेशकर की तबीयत में सुधार, वेंटिलेटर निकालकर हुई जांच

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: मशहूर गायिका व भारत रत्न लता मंगेशकर के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। गुरुवार को सुबह वेंटिलेटर निकालकर उनकी मेडिकल जांच की गई।

उस समय लता दीदी सहज महसूस कर रही थीं। उनकी उम्र 92 वर्ष होने की वजह से उन्हें आईसीयू में ही रखा गया है।

मंगेशकर परिवार की प्रवक्ता अनुषा अय्यर ने गुरुवार को बताया कि लता दीदी का उपचार ब्रीच कैंडी अस्पताल में डॉ. प्रतीत समदानी की देखरेख में हो रहा है।

उनके स्वास्थ्य के बारे में हर दिन जानकारी देना संभव नहीं है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि बगैर अधिकृत जानकारी के लता दीदी के बारे में खबरें प्रसारित न की जाएं।

अनुषा ने कहा कि आज लता मंगेशकर का वेंटिलेटर निकाल कर मेडिकल टीम ने जांच की है। लता दीदी बेहतर महसूस कर रही हैं, बहुत जल्द पूरी तरह से स्वस्थ हो जाएंगी।

लता मंगेशकर को 8 जनवरी को कोरोना संक्रमित होने के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

अस्पताल में ही उन्हें न्यूमोनिया होने का पता चला, तब से आईसीयू में लता दीदी का इलाज चल रहा है।

भारत की महान गायिका के जल्द स्वस्थ होने को लेकर फैंस लगातार दुआएं कर रहे हैं। लता दीदी की सेहत में सुधार होने की ताजा जानकारी मिलते ही फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं हैं।

Share This Article