
अगर दांत पीले हो जाएं, तो खुलकर मुस्कुराना मुश्किल हो जाता है। दांतों की सफाई में लापरवाही करने से उनमें पीली परत जमने लगती है, जिससे दांत कमजोर होने के साथ चबाने में भी परेशानी हो सकती है। दंत चिकित्सक सुबह और रात में ब्रश करने की सलाह देते हैं, लेकिन कई लोग नियमित देखभाल नहीं कर पाते। ऐसे में कुछ घरेलू उपाय दांतों की सफेदी लौटाने में मदद कर सकते हैं।
सरसों का तेल और बेकिंग सोडा
सरसों का तेल और बेकिंग सोडा मिलाकर इस्तेमाल करने से दांतों की सफाई में मदद मिल सकती है। यह मिश्रण एक प्राकृतिक क्लीनर की तरह काम करता है। इसे दांतों पर लगाने या कुल्ला करने से जमा गंदगी और पीलापन कम हो सकता है।
सरसों का तेल और काला नमक
सरसों के तेल में काला नमक मिलाकर दांतों पर हल्के हाथों से मसाज करने से पीलापन और पायरिया जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है। काले नमक में पोटैशियम, आयरन और एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो दांतों और मसूड़ों के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।
हल्दी और सरसों का तेल
हल्दी और सरसों के तेल का मिश्रण भी दांतों के लिए लाभकारी माना जाता है। हल्दी में एंटीसेप्टिक और सूजन कम करने वाले गुण होते हैं। इस मिश्रण को दांतों पर लगाने से पीलापन कम हो सकता है और मसूड़े स्वस्थ बने रहते हैं।
गर्म पानी के साथ करें इस्तेमाल
गुनगुने पानी में सरसों के तेल की कुछ बूंदें मिलाकर इस्तेमाल करने से दांत और मसूड़े मजबूत हो सकते हैं। नियमित उपयोग से दांतों की कमजोरी और पीलापन कम करने में मदद मिल सकती है।
घरेलू उपाय अपनाने से पहले रखें सावधानी
विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी घरेलू उपाय को सीमित मात्रा में और सही तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी है। यदि दांतों में लगातार दर्द या समस्या बनी रहे, तो दंत चिकित्सक से सलाह जरूर लें।

