तिरुवनंतपुरम : मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिव एम.वी. गोविंदन ने शनिवार को आरोप लगाया कि केरल सरकार को निजी एजेंसियां चला रही हैं और राज्य में भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर फैला हुआ है।वह मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन की चार्टर्ड उड़ान का ज़िक्र कर रहे थे, जिसका खर्च कथित तौर पर एक निजी कंपनी ने उठाया था। सतीशन दूसरे मंत्रियों की उन विदेशी यात्राओं का भी संदर्भ दे रहे थे, जिन्हें कथित तौर पर कुछ लोगों और कल्याणकारी संस्थाओं ने प्रायोजित किया था।

गोविंदन ने संवाददाताओं से कहा कि कभी मीडिया के करीबी माने जाने वाले सतीशन अब मीडिया से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह हालिया बयान अभूतपूर्व था कि वह प्रायोजित उड़ानों से यात्रा करेंगे और मंत्री भी इसी तरह की व्यवस्था के तहत विदेश यात्राएं करेंगे। गोविंदन ने कहा, ‘‘केरलम के इतिहास में किसी भी मुख्यमंत्री ने यह कहने की हिम्मत नहीं की कि मैं प्रायोजित व्यवस्थाओं के तहत उपलब्ध कराए गए विमानों से यात्रा करूंगा। मेरे मंत्री ऐसी व्यवस्थाओं के तहत दुनिया के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करेंगे। मैं पिछली यात्राओं को पूरी तरह सही ठहराता हूं और भविष्य में भी ऐसा करता रहूंगा। दुनिया का कोई भी मुख्यमंत्री ऐसी घोषणा नहीं करेगा।’’
उन्होंने कहा कि ऐसा बयान ही खुलेआम भ्रष्टाचार का संकेत देता है।


