लंबे समय से माकपा, विजयन को निशाना बना रहा है ईडी: गोविंदन

माकपा नेता एमवी गोविंदन ने ईडी पर पिनराई विजयन को निशाना बनाने का आरोप लगाया। सीएमआरएल मामले में कार्रवाई को लेकर पार्टी ने कड़ा विरोध जताने का संकेत दिया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोझिकोड (केरलम): मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की राज्य इकाई के सचिव एम.वी. गोविंदन ने रविवार को दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) वामपंथी पार्टी और उसके वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन को लंबे समय से निशाना बना रहा है और ऐसे कदमों का कड़ा विरोध किया जाएगा। गोविंदन ने कोझिकोड में पार्टी की राज्य समिति की बैठक के इतर पत्रकारों से कहा कि ईडी कुछ समय से विजयन को निशाना बनाने की योजना बना रहा था और हाल की घटनाएं उसी का नतीजा हैं।

वह एजेंसी द्वारा राज्य पुलिस प्रमुख को भेजे गए हालिया पत्र का जिक्र कर रहे थे जिसमें कथित ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड’ (सीएमआरएल) रिश्वत मामले के सिलसिले में विजयन, उनकी बेटी वीणा टी और उनके पति पी.ए. मोहम्मद रियास के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई थी।

माकपा के राज्य सचिव ने कहा कि पार्टी और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को ईडी के इस कदम से जुड़े इरादों को लेकर कोई संदेह नहीं है क्योंकि ईडी और अन्य केंद्रीय एजेंसियां देश भर में विपक्षी दलों के नेताओं को निशाना बनाती रही हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या बैठक में इस मुद्दे पर कोई प्रस्ताव लाया जाएगा, इस पर गोविंदन ने कहा कि ऐसा करने की संभावना पर विचार किया जाएगा। वामपंथी पार्टी राज्य समिति की यह बैठक इसलिए कर रही है ताकि इस साल विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद हुई क्षति से उबरने के तरीकों पर चर्चा की जा सके। इस हफ्ते की शुरुआत में विजयन ने ईडी पर आरोप लगाया था कि वह कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले की धन शोधन जांच में उन्हें निशाना बना रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।