कोहिमा : नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव ने गुरुवार को दीमापुर स्थित नॉर्थ ईस्ट क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी (NECU) में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल ‘विकसित भारत युवा संवाद – Know Your Vote’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए श्री यादव ने विकसित भारत @2047 के राष्ट्रीय संकल्प की सिद्धि में युवा शक्ति की निर्णायक भूमिका पर बल दिया। युवा भारत को युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला एक सशक्त मंच बताते हुए उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता, मतदान के महत्व और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेरा दृढ़ विश्वास है कि जागरूक युवा, सशक्त लोकतंत्र और विकसित भारत की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जब युवा अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग होंगे, तभी विकसित भारत का स्वप्न साकार होगा।



