रांची : दुमका के सांसद एवं इस्पात मंत्रालय की सलाहकार समिति के सदस्य नलिन सोरेन ने बोकारो में आयोजित होने वाली 36वीं राष्ट्रीय सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के संरक्षक बनने की सहमति दी है। प्रतियोगिता 27 से 30 दिसंबर 2026 तक दिल्ली पब्लिक स्कूल, बोकारो में आयोजित होगी। इस संबंध में कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने आयोजन समिति के अध्यक्ष और टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो के नेतृत्व में सांसद से मुलाकात कर उन्हें संरक्षक बनने का प्रस्ताव सौंपा। सांसद ने प्रस्ताव स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

प्रतियोगिता के दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की चयन टीम प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन SAI सेंटर के लिए करेगी। इससे झारखंड की उभरती खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। सांसद ने इसे झारखंड को खेल के क्षेत्र में सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर सहित बिपिन कुमार सिंह, मदन महतो, अशोक मंडल, अमरनाथ चौधरी एवं मुकेश कुमार उपस्थित थे।



