भारतीय नौसेना का जहाज ‘तबर’ मिस्र के अलेक्जेंड्रिया और ‘सुनयना’ सेशेल्स पहुंचा

News Aroma
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Indian Naval ship ‘Tabar’ reached Alexandria: अफ्रीका और यूरोप में होने वाली अपनी तैनाती के हिस्से के तौर पर भारतीय नौसेना का अग्रणी युद्धपोत INS ‘तबर’ मिस्र के ऐतिहासिक बंदरगाह शहर अलेक्जेंड्रिया (Alexandria) पहुंच गया है, जो 30 जून तक सद्भावना यात्रा पर रहेगा।

इसी तरह INS ‘सुनयना’ सेशेल्स राष्ट्रीय दिवस पर आयोजित सैन्य परेड में भारतीय सैन्य दल की ओर से शामिल होने के लिए Port Victoria में प्रवेश कर चुका है।

भारत और मिस्र ने कई शताब्दियों से सांस्कृतिक एवं आर्थिक संबंधों की समृद्ध विरासत को एक-दूसरे के साथ साझा किया है। ये रिश्ते आधुनिक दौर में और भी सशक्त हुए हैं। दोनों देशों के बीच हाल के बीते हुए कुछ वर्षों में रक्षा व समुद्री सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार हुआ है।

भारतीय नौसेना के जहाज ‘तबर’ की अलेक्जेंड्रिया यात्रा का उद्देश्य मिस्र के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक विस्तार देने के साथ-साथ समुद्री सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को बढ़ाना है।

INS‘तबर’ रूस में भारतीय नौसेना के लिए बनाया गया एक महत्वपूर्ण तथा विशिष्ट क्षमताओं से लैस युद्धपोत है। इस जहाज की कमान कैप्टन एमआर हरीश के हाथ में है और इसमें 280 कर्मी सवार हैं।

INS ‘तबर’ जहाज पर कई तरह के हथियारों एवं सेंसर को तैनात किया है और यह भारतीय नौसेना के सबसे शुरुआती Stealth Frigate युद्धपोतों में से एक है। यह जहाज पश्चिमी नौसेना कमान के अंतर्गत पश्चिमी बेड़े के हिस्से के रूप में मुंबई में तैनात रहता है।

अलेक्जेंड्रिया में अपने तीन दिन के प्रवास के दौरान इस जहाज का चालक दल कुछ सामाजिक गतिविधियों के अलावा मिस्र की नौसेना के साथ कई पेशेवर चर्चाएं भी करेगा। इसके बाद दोनों देशों की नौसेनाएं समुद्र में सैन्य गतिविधियों से संबंधित ‘Passex ‘ के माध्यम से बंदरगाह अभ्यास के चरण को पूरा करेंगी।

इन सभी साझा गतिविधियों का उद्देश्य दोनों देशों नौसेनाओं की विभिन्न कार्य प्रणालियों में समानताओं को बढ़ावा देना है, जो आम तौर पर समुद्री खतरों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करने में काफी सहायता प्रदान कर सकता है।

INS सुनयना ने सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया में प्रवेश किया

भारतीय जहाज INS ‘सुनयना’ की तैनाती 1976 से सेशेल्स राष्ट्रीय दिवस के एक हिस्से के रूप में आयोजित सैन्य परेड में भारतीय सैन्य दल की निरंतर भागीदारी को दर्शाती है।

INS ‘सुनयना’ ने दक्षिण पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी लंबी दूरी की तैनाती के एक हिस्से के रूप में 26 जून को सेशेल्स के Port Victoria में प्रवेश किया। जहाज की यह यात्रा 29 जून को सेशेल्स के 48वें राष्ट्रीय दिवस के उत्सव के साथ-साथ हो रही है।

सेशेल्स राष्ट्रीय दिवस समारोह के एक हिस्से के रूप में आयोजित सैन्य परेड में नौसेना बैंड के साथ भारतीय नौसेना का मार्चिंग दल भाग लेगा।

पोर्ट कॉल के दौरान सामाजिक संपर्क, सेशेल्स रक्षा बल के साथ जुड़ाव, विशेष योग सत्र, आगंतुकों के लिए जहाज खुला रहना और सामुदायिक आउटरीच कार्यक्रम निर्धारित हैं।

इस दौरान स्वदेश निर्मित नौसेना एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) का हवाई प्रदर्शन भी किया जाएगा। INS ‘सुनयना’ की तैनाती हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सहयोग आधारित प्रयासों को बढ़ावा देने वाले सागर के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

Share This Article