

रांची : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कांके के चरडी स्थित स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब के खिलाड़ियों ने आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो से बुकरू स्थित उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की।
क्लब के संस्थापक सह कोच अनवरूल हक उर्फ बबलू के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने सुदेश महतो से मुलाकात कर खेल और खिलाड़ियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को उनके समक्ष रखा। खिलाड़ियों ने क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, प्रशिक्षण एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग की आवश्यकता पर चर्चा की।
इस अवसर पर क्लब की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा, रिया कुमारी, नैंसी मुंडा, राखी कुमारी, रुपाली कुमारी, बिनी कुमारी और प्रियंका कुमारी उपस्थित रहीं।





सुदेश कुमार महतो ने खेल दिवस के मौके पर खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनसे बातचीत करते हुए उनके खेल अनुभवों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली तथा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि ग्रामीण एवं स्थानीय स्तर पर उभर रही प्रतिभाओं को उचित मंच, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराया जाए।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हुई यह मुलाकात क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए उत्साहवर्धक रही।
