NCERT Textbook : एनसीईआरटी की कक्षा 9 की सामाजिक विज्ञान की नई किताब को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। किताब से संविधान की प्रस्तावना हटाए जाने के साथ-साथ ‘समाजवादी’ और ‘पंथनिरपेक्ष’ जैसे शब्द भी शामिल नहीं किए गए हैं। वहीं, आपातकाल पर अलग से एक नया सेक्शन जोड़ा गया है।

नई किताब “अंडरस्टैंडिंग सोसाइटी: इंडिया एंड बियॉन्ड” में आपातकाल को लोकतंत्र के सामने आई बड़ी चुनौतियों में से एक बताया गया है। इसमें संविधान की चर्चा उसके निर्माण, लोकतांत्रिक संस्थाओं और मौलिक अधिकारों के संदर्भ में की गई है, लेकिन संप्रभुता, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और गणराज्य जैसे शब्दों की विस्तार से व्याख्या नहीं दी गई है।
किताब में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की भूमिका को भी जगह दी गई है। इसमें बताया गया है कि आपातकाल खत्म होने के बाद 1977 में हुए आम चुनावों में जनता ने मतदान के जरिए अपना फैसला दिया और सत्तारूढ़ सरकार को हार का सामना करना पड़ा। किताब इसे भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का उदाहरण बताती है।
किताब में यह भी लिखा गया है कि 1970 के दशक की शुरुआत में तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही थी। बेरोजगारी, महंगाई और कुप्रबंधन के आरोपों के बीच कई जगह विरोध प्रदर्शन हुए। इसके बाद जून 1975 में आंतरिक अशांति का हवाला देते हुए आपातकाल लागू किया गया।


