NEET मुद्दे पर फिर गरमाएगा जंतर-मंतर, 20 जून से अभिजीत दिपके के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन प्रदर्शन की तैयारी

NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में 20 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू होगा। अभिजीत दिपके के नेतृत्व में छात्र और युवा शिक्षा सुधार की मांग उठाएंगे।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

NEET Protest: NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग को लेकर एक बार फिर राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर आंदोलन का केंद्र बनने जा रहा है। युवा आंदोलनकारी अभिजीत दिपके ने घोषणा की है कि 20 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इस प्रदर्शन का नेतृत्व कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले किया जाएगा, जिसने हाल के दिनों में युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रियता हासिल की है।

अभिजीत दिपके ने कहा कि NEET परीक्षा से जुड़े विवादों और छात्रों के भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों पर अब केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने केंद्र सरकार से शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लेने की मांग की है। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को भी दोहराया है।

कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली पुलिस से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति भी मांगी है। संगठन का दावा है कि देशभर से छात्र, अभिभावक और युवा इस आंदोलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचेंगे। पार्टी का कहना है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि छात्रों के हितों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

बीते कुछ सप्ताहों में अभिजीत दिपके और उनकी टीम विभिन्न राज्यों में जनसभाएं और विरोध प्रदर्शन आयोजित कर चुकी है। पंजाब, महाराष्ट्र और दिल्ली सहित कई स्थानों पर हुए कार्यक्रमों में युवाओं ने शिक्षा, रोजगार और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों को जोर-शोर से उठाया है।

गौरतलब है कि सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुआ यह अभियान अब एक व्यापक युवा आंदोलन का रूप ले चुका है। संगठन का दावा है कि लाखों युवा इससे जुड़ चुके हैं और वे शिक्षा क्षेत्र में सुधार तथा जवाबदेही की मांग को लेकर एकजुट हैं। ऐसे में 20 जून से शुरू होने वाला जंतर-मंतर का प्रस्तावित धरना राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन सकता है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।