
NEET Re Exam : NEET-UG री-एग्जाम का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने री-एग्जाम की नई तारीख जारी कर दी है। अब NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून, रविवार को आयोजित की जाएगी।
परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्र नई तारीख का इंतजार कर रहे थे। अब नई परीक्षा तिथि घोषित होने के साथ अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए एक महीने से अधिक का समय मिल गया है।
NTA की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, भारत सरकार की मंजूरी के बाद री-एग्जाम का शेड्यूल तय किया गया है। एजेंसी जल्द ही नए एडमिट कार्ड जारी करेगी और परीक्षा केंद्रों से संबंधित जरूरी जानकारी भी साझा की जाएगी।
पिछली परीक्षा रद्द होने के बाद पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठे थे। ऐसे में इस बार परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने के संकेत दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को रोका जा सके।
NTA ने छात्रों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और एजेंसी द्वारा जारी अपडेट पर ही भरोसा करें। नई तारीख सामने आने के बाद अब अभ्यर्थियों ने तैयारी तेज कर दी है।

