

नई दिल्ली : प्रश्न पत्र लीक होने के आरोपों के कारण रद्द की गयी नीट-यूजी परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को तारीख का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अनियमितताओं के आरोपों के मद्देनजर सुधारों के तहत अगले वर्ष से मेडिकल प्रवेश परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी। प्रधान ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पुनः परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ा दी गई है। परीक्षा, जो अपराह्न दो बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित थी, अब शाम पांच बजकर 15 मिनट तक चलेगी। उम्मीदवारों को परीक्षा के लिए अपनी सुविधा के अनुसार शहर चुनने का मौका फिर से मिलेगा। उन्हें 14 जून तक प्रवेश पत्र मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकारों के साथ मिलकर छात्रों के लिए परिवहन व्यवस्था का समन्वय भी करेगी।





सरगना प्रोफेसर पुणे से गिरफ्तार
सीबीआई ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले के कथित ‘सरगना’ एक प्रोफेसर को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। रसायन विज्ञान के विशेषज्ञ और लातूर निवासी प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी कई वर्षों से नीट प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समितियों से जुड़े रहे हैं। आरोप है कि प्रोफेसर कुलकर्णी ने अप्रैल के अंतिम सप्ताह में अपने घर पर विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित कीं, जिनमें उन्होंने छात्रों को वे प्रश्न, विकल्प और उत्तर लिखवाए, जो तीन मई को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा में पूछे गए थे।
