

- वायरल वीडियो के बाद एक्शन में पुलिस, कथित शराब कारोबारियों ने दुकानें बंद कर हटाई खेप,मौके से हुए गायब्….अब कभी भी हो सकती है औचक छापेमारी
महुआडांड़: प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट में प्रतिबंध के बावजूद कथित रूप से शराब उपलब्ध कराने और पर्यटकों से मनमानी कीमत वसूलने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद एक बार फिर गरमा गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मंगलवार देर शाम नेतरहाट बाजार में औचक छापेमारी अभियान चलाया।





अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से पूरे बाजार में हड़कंप मच गयाबताया जा रहा है कि पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही कथित रूप से शराब बेचने वाले कई लोग अपनी दुकानों से शराब की खेप हटाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर जांच करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। कार्रवाई के बाद शराब की कथित बिक्री से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
वायरल वीडियो ने फिर उठाए सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नेतरहाट बाजार की एक दुकान में अलग-अलग ब्रांड की शराब उपलब्ध होने और निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूले जाने की बातचीत सामने आने का दावा किया गया है।
वीडियो में कुछ ब्रांड की कीमत 600 और 800 रुपये तक बताए जाने की बात सामने आती है। वहीं, स्थानीय स्तर पर करीब 550 रुपये मूल्य की शराब के लिए 800 रुपये तक वसूले जाने का आरोप भी लगाया जा रहा है।हालांकि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। प्रशासनिक स्तर पर मामले की वास्तविकता की जांच की जा रही है।
कुछ दिन पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि नेतरहाट में शराब की अवैध बिक्री से संबंधित शिकायतों के बाद कुछ दिन पहले भी प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई थी। इस दौरान अवैध शराब बरामद होने की बात सामने आई थी और संबंधित मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई थी।पूर्व में कार्रवाई के बावजूद शराब की कथित उपलब्धता से संबंधित वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने निगरानी और सख्त कर दी है।
अब कभी भी हो सकती है औचक छापेमारी
मंगलवार देर शाम की कार्रवाई के बाद अब नेतरहाट में शराब की बिक्री या अवैध भंडारण पर पुलिस की पैनी नजर है। माना जा रहा है कि क्षेत्र में कभी भी और किसी भी समय औचक छापेमारी की जा सकती है। पुलिस की टीम बिना पूर्व सूचना के संदिग्ध दुकानों और स्थानों की जांच कर सकती है।
थाना प्रभारी का सख्त संदेश
नेतरहाट थाना प्रभारी राजन अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नेतरहाट में किसी भी कीमत पर शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले पर नजर रख रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने भी प्रशासन से लगातार निगरानी बनाए रखने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि नेतरहाट झारखंड का प्रमुख पर्यटन स्थल है और यहां प्रतिबंधित शराब की बिक्री तथा पर्यटकों से कथित मनमानी वसूली जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक जरूरी है, ताकि पर्यटन स्थल की छवि प्रभावित न हो।मंगलवार की देर शाम हुई औचक कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि नेतरहाट में शराब की कथित बिक्री को लेकर प्रशासन अब किसी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है।
