योगी आदित्यनाथ को मथुरा से उम्मीदवार बनाये जाने की मांग

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आगामी विधानसभा चुनाव में मथुरा से उम्मीदवार बनाये जाने की मांग की है।

उन्होंने कहा है कि भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं इस मांग के लिए उन्हें प्रेरित किया है।

भाजपा से राज्यसभा के सदस्य हरनाथ सिंह यादव ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर उनका ध्यान उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव की ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि यह निर्विवाद रूप से सत्य है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कर्तत्व व चिन्तन से प्रदेश भर में भारी प्रतिष्ठा अर्जित की है और प्रदेश वासियों की चिन्तन की धारा ही बदल दी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं ही अपनी ओर से घोषित किया कि पार्टी जहां से कहेगी वे वहीं से चुनाव लडेंगे।

यादव ने पत्र में कहा कि वैसे तो प्रदेश की प्रत्येक विधान सभा क्षेत्र में मतदाताओं की इच्छा होगी कि योगी आदित्यनाथ उनकी विधान सभा से चुनाव लड़ें।

उन्होंने नड्डा से निवेदन करते हुए कहा कि ब्रज क्षेत्र की जनता की विशेष इच्छा है कि योगी भगवान श्रीकृष्ण जी की नगरी मथुरा से चुनाव लड़ें और यह पत्र स्वयं भगवान श्रीकृष्ण जी ने लिखने के लिये उन्हें प्रेरित किया है।

भाजपा सांसद ने नड्डा से आगे कहा कि ब्रज क्षेत्र की जनता की भावनाओं का ख्याल रखते हुये वे प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ब्रज की पावन रज व सम्पूर्ण कलाधारी भगवान श्रीकृष्णजी की नगरी से प्रत्याशी घोषित करने पर विचार करें।

इससे न केवल ब्रज की जनता को खुशी होगी बल्कि पूरे प्रदेश और देश की जनता को बेहद खुशी होगी।

Share This Article