New Zealand Investment : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-न्यूजीलैंड बिजनेस इवेंट को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अब केवल एक बड़ा बाजार नहीं, बल्कि वैश्विक विकास का लॉन्च पैड बन चुका है। इस दौरान न्यूजीलैंड ने अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब डॉलर निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के रिश्ते एक नए दौर में प्रवेश कर चुके हैं। दोनों देशों के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (FTA) व्यापार, निवेश, सेवाओं, तकनीक और प्रतिभा के क्षेत्र में नए अवसर खोलेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। तेजी से बढ़ता मध्यम वर्ग, डिजिटल क्रांति और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर वैश्विक निवेशकों के लिए भारत को आकर्षक बना रहे हैं। उन्होंने विदेशी कंपनियों को भारत में मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने का भी न्योता दिया।
उन्होंने बताया कि प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना के तहत 14 क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। एविएशन, फिनटेक, स्मार्ट सिटी, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और ग्रीन फाइनेंस जैसे क्षेत्रों में भारत और न्यूजीलैंड के बीच सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं।
प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच कार्गो कॉरिडोर, बेहतर फ्लाइट कनेक्टिविटी और संयुक्त पर्यटन पैकेज विकसित करने का सुझाव भी दिया। साथ ही न्यूजीलैंड की डेयरी, बागवानी और कृषि विशेषज्ञता को भारतीय बाजार और निर्यात से जोड़ने पर जोर दिया।
इस मौके पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भी भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने उल्लेखनीय आर्थिक बदलाव देखा है और दोनों देशों के कारोबारियों को नए व्यापारिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए आगे आना चाहिए।


