
Mahuadanr News : महुआडांड़ लोध फॉल क्षेत्र और सुग्गा बांध में पर्यटन को नई उड़ान देने के लिए महुआडांड़ अनुमंडल में काफी समय से बंद पड़े पर्यटक पड़ाव को अब जल्द शुरू किया जाएगा। इसकी जानकारी महुआडांड़ अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडारी ने दी है उन्होंने कहा लोध फॉल झारखंड का सबसे ऊंचा और आकर्षक जलप्रपात है।
वही पिकनिक स्पॉट सुग्गा बांध भी सैलानियों के लिए अच्छा स्थल है यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पर्यटक पड़ाव शुरू होने से पर्यटकों को आवास, भोजन, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।
इससे पर्यटकों का अनुभव बेहतर होगा और वे अधिक समय तक क्षेत्र में रुकेंगे। सबसे अहम बात यह है कि पर्यटक पड़ाव के संचालन से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
एसडीओ ने स्पष्ट किया कि संचालन में JSLPS की दीदियों और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि पर्यटक पड़ाव शुरू होने से महुआडांड़ पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाएगा।

