Garhwa News : झारखंड के गढ़वा जिले में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान के दौरान फॉर्म भरने के नाम पर पैसे मांगने के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रंका प्रखंड के बूथ संख्या-383 की बीएलओ जमीला बीबी को उपायुक्त पी.एन. मिश्रा के निर्देश पर बर्खास्त कर दिया गया है।

दरअसल, जमीला बीबी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह SIR फॉर्म भरने और जमा कराने के बदले लोगों से 50 से 100 रुपये तक ‘खर्चा-पानी’ मांगती नजर आ रही थीं। वीडियो में पैसे नहीं देने पर नागरिकता से जुड़ी आपत्तिजनक बातें कहने का भी आरोप लगा।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कराई। जांच के दौरान कई लोगों ने बीएलओ पर फॉर्म भरने के बदले पैसे मांगने की शिकायत की। इसके बाद गढ़वा विधानसभा क्षेत्र-80 के निर्वाची पदाधिकारी ने जमीला बीबी को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
प्रशासन के अनुसार, नोटिस के जवाब से संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला। जांच में यह भी पुष्टि हुई कि वायरल वीडियो जमीला बीबी का ही था। इसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर उन्हें बीएलओ के पद से बर्खास्त कर दिया गया।
उपायुक्त पी.एन. मिश्रा ने कहा कि जांच रिपोर्ट और असंतोषजनक जवाब के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव संबंधी कार्यों में किसी भी तरह की अनियमितता, भ्रष्टाचार या अवैध वसूली को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


