
नयी दिल्ली : राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने केरल के चलाकुडी वन प्रभाग में एक राजमार्ग के लिए सागौन के करीब 273 पेड़ों की कथित रूप से अवैध कटाई और बिक्री के मामले में राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक समेत संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है।
हरित अधिकरण उस मामले की सुनवाई कर रहा था, जिसमें उसने एक समाचार पत्र की एक खबर पर स्वत: संज्ञान लिया था। खबर में आरोप लगाया गया था कि वेल्लिकु लंगारा जंक्शन से वेट्टिला पाला पुल तक 18 किलोमीटर लंबे हिस्से में पेड़ों की अवैध कटाई की गई। खबर के अनुसार, ये पेड़ निजी स्वामित्व वाली और आवंटित भूमि पर स्थित थे, लेकिन इन्हें काटकर कम कीमत पर एक लकड़ी आधारित औद्योगिक इकाई को बेच दिया गया।

