कांग्रेस ने संविधान की मर्यादा को किया सबसे अधिक तार-तार : नितिन नवीन

रांची में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर संविधान की मर्यादा को तार-तार करने का गंभीर आरोप लगाया है।

Razi Ahmad
8 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आज देश में संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को चुनौती देने का प्रयास किया जा रहा है। जो लोग आज संविधान की दुहाई देते हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि संविधान की मर्यादा को सबसे ज्यादा तार-तार करने का काम कांग्रेस ने किया है। इन लोगों ने संविधान को अपने परिवार के अनुसार चलाने का काम किया है। आपातकाल लगाने से लेकर देश में नैतिक मूल्यों के हनन करने तक का काम कांग्रेस ने किया है। इन्होंने देश में अराजकता फैलाने का काम किया है।

नितिन नवीन ने कहा कि देश में अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है। आज जिस तरह से देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश की जा रही है, उससे हमें सतर्क रहना है। आज राहुल गांधी देशविरोधी ताकतों के टूलकिट के रूप में काम कर रहे हैं, जो विदेशों से ऑपरेट हो रहा है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाया और इसे चिंता का विषय बताया।

वहीं SIR पर सवाल उठाने वालों को घेरते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष को नागरिकों के अधिकार से ज्यादा घुसपैठियों को संरक्षण देने की चिंता है। भाजपा अध्यक्ष रांची के कांके, सुकुरहुटू स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में आयोजित झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस और राज्य की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल के दौरान मेडिकल परीक्षा प्रणाली पर माफिया राज हावी था, जिसे उनकी सरकार ने पूरी तरह दुरुस्त किया। उन्होंने कहा कि जब राज्य में छात्र अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब यहां के कांग्रेस नेता उनके समर्थन में एक शब्द भी नहीं बोले। उन्होंने कहा कि और ये नेता दिल्ली में बैठकर युवाओं, छात्राओं के हितैषी होने का ढोंग करते हैं। दरअसल में देश की विकास और छात्रों के भविष्य से उन्हें कुछ लेना देना नहीं है।

उन्होंने कहा कि इस देश की 140 करोड़ जनता को मोदी पर विश्वास है और देश की जनता नरेंद्र मोदी के साथ ही आगे बढ़ना चाहती है। क्योंकि देश की जनता को मोदी से ही उम्मीद है। आज का दिन मेरे लिए विशेष दिन है, क्योंकि झारखंड मेरा जन्मस्थान है और मेरी शिक्षा का भी बहुत बड़ा समय इस झारखंड प्रदेश में बीता है। इसलिए इस भूमि पर आकर किसी भी कार्यक्रम में सम्मिलित होना, मेरे लिए बहुत ही सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि हम सभी को एक उत्साह के साथ, नए उमंग के साथ झारखंड का ख्याल रखना है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जिस प्रकार पूरे देश में भाजपा का विस्तार हो रहा है, जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जो जनता में स्वीकार्यता है, जो विश्वास का माहौल बना है, उसे झारखंड में भी और मजबूती से आगे बढ़ाना है। जब बिहार-झारखंड एक था तो उस समय भी भाजपा की जड़ें यहां अधिक मजबूत थी। जब भाजपा बिहार में बढ़ रही थी, तो उसकी शुरूआत इसी झारखंड की पवित्र भूमि से पहले हुई थी। इसलिए हमें संकल्प लेना है कि झारखंड को आगे बढ़ाने के लिए हमें कमर कसना है।

उन्होंने कहा कि जिस राज्य की स्थापना अटल बिहारी वाजपेयी ने की है, इस राज्य को बनाया हमने है, आगे बढ़ाया हमने है, इसे भाजपा ही संवारेगी। इसलिए इस संकल्प को हमें आगे लेकर जाना है। हमारा सौभाग्य है कि हमें ऐसा नेतृत्व मिला, जिस नेतृत्व ने भाजपा को ही नहीं, भारत को ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व को दिशा देने का काम किया।

उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वहां के भाजपा कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने बंगाल में चुनाव जीतकर उस संकल्प को पूरा करने का काम किया। फिर झारखंड तो हमारा गढ़ रहा है। जिस दिन हम ठान लें, इसको जीतने से कोई नहीं रोक सकता है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी के यश और तप से इस पवित्र भूमि को एक विशिष्ट पहचान मिली है। 15 नवंबर को जब हम झारखंड का स्थापना दिवस मनाते हैं, तो यह भी गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दिन को पूरे भारत और विश्व में पहचान दिलाने के लिए ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित किया। देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रूप में भाजपा के नेतृत्व में मिलीं। भाजपा सरकार के नेतृत्व में आदिवासी समाज, जनजातीय समाज को जो सम्मान और गौरव मिला है, वह ऐतिहासिक है। आदिवासी समाज को कभी किसी ने इतना सम्मान नहीं दिया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड में व्याप्त अराजकता और अव्यवस्था के खिलाफ सड़कों से लेकर सदन तक कड़ा संघर्ष करने का संकल्प जताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मंत्र देते हुए कहा कि हम सबको संगठन की तरफ से जो जिम्मेदारी मिली है उसे ईमानदारी पूर्वक निभाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्णय को धरातल पर ले जाने का मिशन होना चाहिए। उन्होंने नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक जीवन के 25 साल के सेवा और संकल्प के लिए बधाई देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व को नेतृत्व देने का काम किया है। उनके नेतृत्व में आज भारत विकास की नई गाथा लिख रहा है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी कल्याणकारी योजना की शुरुआत झारखण्ड की पवित्र भूमि से किया गया। जिसका लाभ आज देश के करोड़ों लोग ले रहे हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का आर्थिक विकास की गति को बनाये रखने की तारीफ करते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया का आर्थिक विकास गति डगमगाया हुआ है परंतु भारत की आर्थिक विकास की गति लगातार अच्छी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने की खातिर हम सड़क पर भी उतरने को तैयार हैं। हमारे नेतृत्व और नीति पर कोई सवाल नहीं है।

उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य कमल का निशान होना चाहिए और इसी लक्ष्य को सामने रख राज्य में भाजपा की सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पार्ट टाइम राजनीति नहीं करते हैं बल्कि 24×7 की राजनीति करते है। वे नेशन फर्स्ट और सेल्फ लास्ट के भाव के साथ काम करते हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।