
नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। पार्टी के शीर्ष पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। इससे लगभग यह तय माना जा रहा था कि वे निर्विरोध जदयू के अध्यक्ष चुने जायेंगे।
वहीं इसको लेकर जेडीयू के राष्ट्रीय सचिव व मुख्यालय प्रभारी मोहम्मद निशार ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री नूतिश कुमार को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। निशार ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख मंगलवार, 24 मार्च को सुबह 11 बजे थी। इस समय सीमा के बाद, निर्वाचन अधिकारी के पास केवल नीतीश कुमार का नामांकन ही बचा था। ऐसे में निर्वाचन अधिकारी अनिल प्रसाद हेगड़े (पूर्व सांसद, राज्यसभा) आज दोपहर 2:30 बजे नीतीश कुमार को निर्वाचित घोषित करेंगे और उनका निर्वाचन प्रमाणपत्र जारी करेंगे।
चुनाव में कोई और उम्मीदवार नहीं
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने 19 मार्च को दिल्ली में नीतीश कुमार का नामांकन दाखिल किया था। नामांकन की अंतिम तारीख 22 मार्च थी। नीतीश कुमार के अलावा इस पद के लिए किसी और ने नामांकन नहीं भरा। नामांकन पत्रों की जांच 23 मार्च को की गई थी और 24 मार्च को नाम वापसी की अंतिम तारीख थी। इस तरह, नीतीश कुमार निर्विरोध जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं, जिससे पार्टी नेतृत्व में स्थिरता और मजबूती बनी रहेगी।
