अब पूरे देश में इंकलाब होगा: अरविंद केजरीवाल

News Aroma Media
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में ऐतिहासिक जीत पर सरदार भगवंत मान को पंजाब का मुख्यमंत्री बनने की बधाई देते हुए कहा कि पहले दिल्ली में इंकलाब हुआ, आज पंजाब में इंकलाब हुआ, अब पूरे देश में इंकलाब होगा।

श्री केजरीवाल ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पर समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि पहले दिल्ली में इंकलाब हुआ, आज पंजाब में इंकलाब हुआ, अब पूरे देश में इंकलाब होगा।

पिछले 75 साल से अंग्रेजों वाला सिस्टम चल रहा था। आम आदमी पार्टी ने पिछले सात साल में यह सिस्टम बदला है।

अब गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलने लगी है और बाबा साहब और भगत सिंह का सपना पूरा होने लगा है।

उन्होंने कहा, “आज नतीजों के जरिए जनता ने बता दिया कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं है, आतंकवादी तो तुम लोग हो, जो सारे मिलकर देश को लूट रहे हो।”

‘आप’ संयोजक ने कहा, “आज हम लोगों को संकल्प लेना है कि हम नया भारत बनाएंगे, जहां एक इंसान, दूसरे इंसान से प्यार-मोहब्बत करेगा।

हम एक ऐसा भारत बनाएंगे, जहां नफरत की कोई जगह नहीं होगी। कोई भूखा नहीं सोएगा और सभी सुरक्षित होंगे। आने वाला समय भारत का है और भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनने से अब कोई नहीं रोक सकता है।”

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने कमाल कर दिया। आई लव यू पंजाब। सुखबीर सिंह बादल हार गए, कैप्टन साहब हार गए, चन्नी साहब हार गए, प्रकाश सिंह बादल साहब हार गए, नवजोत सिंह सिद्धू हार गए और बिक्रम सिंह मजीठिया हार गए।

यह बहुत बड़ा इंकलाब है। पंजाब के अंदर आज बड़ी-बड़ी कुर्सियां हिल गईं। भगत सिंह ने एक बार कहा था, ‘‘आजादी मिलने के बाद अगर हमने केवल अंग्रेजों को भगा दिया और सिस्टम नहीं बदला, तो कुछ नहीं होने वाला है।

दुख की बात है कि पिछले 75 साल से इन पार्टियों और इन नेताओं ने वही अंग्रेजों वाला सिस्टम रखा था। ये देश को लूट रहे थे।

कोई स्कूल-अस्पताल नहीं बनाए। लोगों को जानबूझ कर गरीब रखा गया। पूरा का पूरा वही अंग्रेजों वाला सिस्टम चल रहा था। आम आदमी पार्टी ने पिछले साल साल के अंदर यह सिस्टम बदला है।

हमने ईमानदार राजनीति की शुरूआत की है। हमने लोगों के काम की शुरूआत की है। अब बच्चों के स्कूल बनने लगे हैं। गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिलने लगी है। बाबा साहब अंबेडकर और भगत सिंह का सपना पूरा होने लगा है।

‘आप’ संयोजक ने कहा कि यह इतना आसान नहीं है। बहुत बड़ी-बड़ी ताकतें हैं। हम लोग तो उनके सामने बहुत छोटे हैं। यह सारी ताकतें मिलकर आज देश को आगे बढ़ने से रोकना चाहती हैं।

आपने देखा है कि पंजाब में कितने बड़े-बड़े षडयंत्र किए गए। रोज कितना सुनते थे कि ये पार्टी वाले यहां से वोट ट्रांसफर कर देंगे।

ये सारे आम आदमी पार्टी के खिलाफ इकट्ठे हो गए थे। सबका एक ही मकसद था कि आम आदमी पार्टी नहीं आनी चाहिए, चाहे कोई भी पार्टी आ जाए।

आम आदमी पार्टी को सत्ता में आने से रोकने के लिए इन लोगों ने बड़े-बड़े षडयंत्र किए। अंत में ये सारे इकट्ठे होकर बोले कि केजरीवाल आतंकवादी है।

आज इन नतीजों के जरिए जनता ने बता दिया कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं है। केजरीवाल देश का सच्चा सपूत है। केजरीवाल सच्चा देशभक्त है।

जनता ने अपना नतीजा सुना दिया है। जनता ने कहा, ‘‘केजरीवाल आतंकवादी नहीं है। आतंकवादी तो तुम लोग हो, जो सारे मिलकर देश को लूट रहे हो।”

Share This Article