पुंछ में बाढ़ के बाद राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पुंछ में बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वे पीड़ित परिवारों से मिलकर राहत, पुनर्वास और नुकसान का जायजा लेंगे।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जम्मू: जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पुंछ जिले में हाल में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का बुधवार को दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे। पिछले महीने हुई मूसलाधार बारिश से सीमा से लगे इस जिले में 16 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि छह अन्य अब भी लापता हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री आज पुंछ का दौरा कर हालिया बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे और नुकसान तथा राहत संबंधी जरूरतों का प्रत्यक्ष आकलन करेंगे। वह जिला प्रशासन के साथ राहत, पुनर्वास और बहाली कार्यों की भी समीक्षा करेंगे।’’

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ऐतिहासिक मुगल रोड के रास्ते पुंछ पहुंचे, जहां पीर की गली में उनके कैबिनेट सहयोगी और जल शक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा तथा सुरनकोट के विधायक चौधरी मोहम्मद अकरम ने उनका स्वागत किया। इस दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। सुरनकोट 19 जुलाई को आई इस प्राकृतिक आपदा में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र रहा और वहां सबसे ज्यादा लोगों की जान गई। मूसलाधार बारिश के कारण बादल फटने, अचानक बाढ़ आने और भूस्खलन की घटनाएं हुईं जिससे व्यापक तबाही मची। कई मकान और वाहन बह गए, सड़कें तथा अन्य बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा और जिले भर में सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए।

अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे, मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे और अचानक बाढ़ आने तथा भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लेंगे। अब्दुल्ला ने 19 जुलाई को जम्मू में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर भारी बारिश के बाद की स्थिति की समीक्षा की थी। उन्होंने पुंछ और उससे सटे राजौरी जिले में वर्षा संबंधी घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों को छह-छह लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी। राजौरी में इस आपदा में तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के आज राजौरी जिले का दौरा करने की भी संभावना है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।