

पलामू : पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के तेंदुआ भगत गांव में तिलक समारोह के जश्न के दौरान हर्ष फायरिंग हुई। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस फायरिंग में पंडित समेत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घटना शुक्रवार देर रात का बताया जा रहा है।





जानकारी के अनुसार नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र की खैरादोहर पंचायत स्थित शिल्दा खुर्द गांव निवासी करीमन बैठा अपनी बेटी का तिलक लेकर हरिहरगंज के तेंदुआ भगत गांव पहुंचे थे। कार्यक्रम शांतिपूर्वक चल रहा था और परिवार में खुशी का माहौल था। इसी बीच रात करीब 11:45 बजे अचानक गोली चल गई। फायरिंग में शिल्दा खुर्द निवासी 60 वर्षीय जागेश्वर बैठा की पीठ में गोली लगी, जो आर-पार निकल गई। वहीं, समारोह की रस्में संपन्न करा रहे पंडित जी के दाहिने पैर में भी गोली लग गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और खुशियों का माहौल पलभर में दहशत में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली हर्ष फायरिंग में चली या फिर किसी पुरानी रंजिश के कारण घटना को अंजाम दिया गया।
