
रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रांची स्थित ऑड्रे हाउस परिसर में आयोजित तीन दिवसीय “सांसद सांस्कृतिक महोत्सव-सह-स्वदेशी मेला-2026” के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वदेशी उत्पादों के महत्व पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि हमारा देश विविधताओं से भरा हुआ है। यहां अलग-अलग समाज और वर्ग के लोग रहते हैं, जिनकी अपनी अलग पहचान, परंपरा और विशेषताएं हैं। यही विविधता देश की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी का अर्थ है स्वयं निर्मित वस्तुएं। देश में तैयार होने वाले उत्पादों को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा मिले, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार इस दिशा में बेहतर काम कर रही है। हेमन्त सोरेन ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी स्वदेशी को अपनाया था और देशवासियों को इसके लिए प्रेरित किया था। आज भी स्वदेशी की भावना देश को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि स्वदेशी मेला केवल स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को मंच देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने का भी मजबूत जरिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के लिए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

