पप्पू यादव ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना, कहा- बदले की भावना से काम करती है सरकार

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना : पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने जेल से बाहर आते ही एक बार फिर सूबे की कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। वह शनिवार को दिल्ली जाने से पूर्व पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अंग्रेज भी इतना बदले की भावना से काम नहीं करते थे। राजनीति में आज जितनी गंदगी आ गई है, उतनी कभी नहीं थी।

पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में अलग-अलग जगहों पर बच्चियों को मारा जा रहा है। उन्होने पूछा कि हम नहीं थे तो किसी और ने इस पर आवाज क्यों नहीं उठाई? उन्होंने कहा कि अंग्रेज के समय लगता था कि चलो लड़ लेंगे, लेकिन बीते 7 दिन में मुझे डर लगता था कि कहीं मुझ पर कोई नया मुकदमा ना कर दिया जाए। पप्पू यादव ने कहा कि डर लगता था कि कहीं कोई मुझे जेल में मरवा ना दे। उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष से मिलने जा रहा हूं। वहां इसकी शिकायत करूंगा। उन्होंने बताया कि अब इलाज भी दिल्ली में ही करवाऊंगा। इससे पहले पप्पू यादव ने नीट छात्रा के परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

पप्पू यादव के दिल्ली रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर एक भावुक दृश्य भी दिखा जब विधायक आईपी गुप्ता उनसे मिलते ही गले लगकर रोने लगे। अपने साथी को इस तरह टूटते देख पप्पू यादव भी खुद को रोक नहीं पाए और भावुक हो गए। उधर पप्पू यादव के समर्थकों ने अपने सांसद के लिए जेड प्लस सुरक्षा देने और उन पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की है। समर्थकों ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर पप्पू यादव पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो वे धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Share This Article