
Rajya Sabha Election: झारखंड से राज्यसभा चुनाव में NDA समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी की जीत पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं l उन्होंने कहा कि इससे पूर्व नाथवानी जी दो बार झारखंड से राज्यसभा सांसद रहे हैं।
उन्होंने झारखंड में बहुत सारे काम किए हैं। मुझे आशा और पूर्ण विश्वास है कि झारखंड के विकास में इनका महत्वपूर्ण योगदान रहेगा l साथ ही झारखंड के आम लोगों तक केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाने में सकारात्मक भूमिका निभायेंगे।
राज्यहित और विकास की जीत
झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की शानदार जीत पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक उम्मीदवार की विजय नहीं, बल्कि झारखंड के विकास, स्थिरता और जनहित की राजनीति में विश्वास रखने वाले जनप्रतिनिधियों की सोच की जीत है।
उन्होंने कहा कि राज्य के विधायकों ने अंतरात्मा की आवाज सुनते हुए अपने बहुमूल्य मत का प्रयोग किया और विकासोन्मुखी नेतृत्व को समर्थन देकर झारखंड की जनता की आकांक्षाओं का सम्मान किया है। परिमल नाथवानी का झारखंड के औद्योगिक, सामाजिक एवं विकासात्मक क्षेत्रों में विशेष योगदान रहा है। राज्य के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और अनुभव का लाभ आने वाले समय में झारखंड को अवश्य मिलेगा।

